ऑपरेशन कन्विक्शन का असर: विंध्याचल रेंज में 15 दिनों में 40 अपराधी सलाखों के पीछे, 3 को उम्रकैद

मीरजापुर : विंध्याचल परिक्षेत्र के अंतर्गत अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ ने जबरदस्त परिणाम दिखाने शुरू कर दिए हैं। परिक्षेत्र की पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) “पूनम” के सख्त निर्देशन में रेंज पुलिस ने पिछले 15 दिनों में प्रभावी पैरवी का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अवधि में पुलिस ने तीन जनपदों में कुल 25 मामलों में 40 अभियुक्तों को सजा दिलाने में सफलता हासिल की है।

आजीवन कारावास की सजा

पुलिस की सशक्त पैरवी का परिणाम यह रहा कि न्यायालय ने गंभीर अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों को कड़ी सजा सुनाई। इनमें से 02 मामलों में 03 अभियुक्तों को माननीय न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।

इन अपराधों पर रही पैनी नजर

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत रेंज पुलिस ने न केवल सामान्य अपराधों, बल्कि समाज को झकझोर देने वाली घटनाओं में भी तेजी से न्याय सुनिश्चित कराया है। विगत 15 दिनों के भीतर जिन मामलों में दोषसिद्धि कराई गई, उनमें मुख्य रूप से शामिल हैं। सनसनीखेज हत्या के मामले, गोकशी एवं गो-तस्करी, बलात्कार व महिला संबंधी अन्य गंभीर अपराध, चोरी और अन्य संगीन अपराध

डीआईजी पूनम ने दी आगे की रणनीति

इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए डीआईजी पूनम ने रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों में कानून का भय बनाए रखने के लिए यह अभियान अनवरत जारी रहेगा। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि माननीय न्यायालय में विचाराधीन लंबित वादों को चिन्हित कर उनमें पैरवी और मजबूत की जाए, ताकि अधिक से अधिक अपराधियों को सजा सुनिश्चित कराई जा सके।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच खलबली मची है और आम जनता ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।

ये भी पढ़िए