बीजपुर (सोनभद्र)। साइबर अपराधियों के जाल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवाने वाले एक पीड़ित के लिए बीजपुर पुलिस उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है। थाना बीजपुर की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी का शिकार हुए व्यक्ति के खाते से पार हुए 5,300 रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए हैं। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नेमना निवासी चंद्र प्रकाश पुत्र भोलानाथ के साथ अज्ञात साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी की थी। ठगों ने मोबाइल पर एक स्कैनर भेजकर उनके खाते से 5,300 रुपये उड़ा लिए थे। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई थाना बीजपुर की साइबर टीम ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर मामले का बारीकी से परीक्षण किया। टीम ने संबंधित बैंक खाते को समय रहते होल्ड करवाया और आवश्यक साक्ष्यों को संकलित कर एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से बैंक को रिफंड की रिक्वेस्ट भेजी। पुलिस की प्रभावी पैरवी और समन्वय का ही परिणाम रहा कि पूरी धनराशि वापस पीड़ित के मूल खाते में सुरक्षित पहुंच गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित चंद्र प्रकाश ने राहत की सांस ली और सोनभद्र पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। जनता से की अपील: 1930 पर तुरंत करें कॉल पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह बिना घबराए तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जितनी जल्दी शिकायत दर्ज होगी, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ही अधिक होती है। धनराशि वापस कराने वाली टीम में ये रहे शामिल इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उ0नि0 कमलाकांत पाण्डेय, आरक्षी सरोज अमित कुमार श्रीकृष्ण और महिला आरक्षी निहारिका पाण्डेय (साइबर हेल्प डेस्क) की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

