सोन नदी किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर जांच

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र : जिले के चोपन थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब सोन नदी के किनारे दलदली मिट्टी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। घटना रेडियां गांव के बालू खदान क्षेत्र की है, जहां राहगीरों ने शव को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची। शव दलदली मिट्टी में बुरी तरह धंसा हुआ था, जिसे जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार चोपन थाना क्षेत्र के रेडियां गांव स्थित सोन नदी के तट पर बालू खदान के समीप स्थानीय लोगों ने दलदली मिट्टी में एक महिला का शव फंसा हुआ देखा। शव मिलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। चूंकि शव गहरे दलदल में धंसा हुआ था, इसलिए उसे निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता लेनी पड़ी।
शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

मामले में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने बताया कि सोन नदी के किनारे दलदली मिट्टी में एक अज्ञात महिला का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़िए