अनपरा-डीबुलगंज में गुरु पूर्णिमा पर भाजपा का गुरु सम्मान कार्यक्रम संपन्न

अनपरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी संगठन के आह्वान पर अनपरा एवं डीबुलगंज स्थित मठ-मंदिरों में श्रद्धा, आस्था और भारतीय संस्कृति के सम्मान का संदेश देते हुए गुरु सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर गुरुजनों का सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सरजू बैसवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अनपरा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पूज्य पुजारी तपेसर देव पांडेय एवं डीबुलगंज स्थित माँ अष्टभुजी दुर्गा मंदिर के पूज्य पुजारी शिव सेवक त्रिपाठी का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान मिष्ठान अर्पित कर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं समाज के कल्याण की कामना की गई।
इस अवसर पर सरजू बैसवार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही ज्ञान, संस्कार और सद्मार्ग का प्रकाश देकर समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए समाज में संस्कार, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। गुरु सम्मान कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

ये भी पढ़िए