सीएचसी की सुविधाएं हों दुरुस्त, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दें अधिकारी : सीडीओ जागृति अवस्थी

सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सभी चिकित्सा अधीक्षकों (एमओआईसी) को निर्देशित किया गया कि जनपद में होने वाले सभी प्रसवों की प्रभावी ट्रैकिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रसव सरकारी अस्पतालों में हो रहे हैं या निजी अस्पतालों में। आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करते हुए उनसे संपर्क बनाए रखा जाए तथा समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि सफाई कार्य में नियुक्त कर्मियों द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित एजेंसी को सूचित कर उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में लक्ष्य के अनुरूप एएनसी पंजीकरण एवं संस्थागत प्रसव की समीक्षा कर सुधार लाने, प्रत्येक माह होने वाली मातृ एवं शिशु मृत्यु का ऑडिट कर लाइन लिस्ट एवं रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) को निर्देशित किया गया कि आरबीएसके टीम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश मिश्रा, एसीएमओ गुलाब शंकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, पंचायती राज, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए