सोनभद्र में बनेगा 1000 हेक्टेयर का औद्योगिक हब, डीएम ने उद्योग बन्धु बैठक में दिए अहम निर्देश

सोनभद्र,। जनपद में औद्योगिक निवेश को नई गति देने और निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं, भूमि उपलब्धता, बैंकिंग सहयोग और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि एक्सप्रेसवे के समीप दुद्धी तहसील के बभनी ब्लॉक में 1000 हेक्टेयर भूमि पर इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक क्लस्टर (IMLC) विकसित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सोनभद्र को प्रदेश के नए औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम होगी, जिससे बड़े उद्योगों का निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज को सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र के पुनर्ग्रहण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर एमएसएमई विभाग को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक विकास की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर सकें।
बैठक में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान ग्रीनको ग्रुप से जुड़े भूमि सीलिंग प्रकरण की रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने तथा जेएसडब्ल्यू परियोजना की संयुक्त जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज एवं वन विभाग को दिए गए।
बैंकिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पाया कि कई बैंकों में ऋण संबंधी आवश्यक चेकलिस्ट नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित नहीं है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर सभी बैंकों में ऋण संबंधी चेकलिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए, ताकि उद्यमियों और आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी बैंकों को पात्र लाभार्थियों के आवेदन बिना अनावश्यक विलंब के समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, प्रभागीय वनाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशुतोष कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी ओबरा दिलीप तिवारी, उपजिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, सहायक आयुक्त उद्योग विजय कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए