सोनभद्र। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर सोनभद्र पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से एसपी अभिषेक वर्मा ने थाना चोपन क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल के साथ पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद भी स्थापित किया। लोगों से क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि चोपन क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहनता से जांच की गई तथा आवश्यकता के अनुसार लोगों से पूछताछ भी की गई। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

