1377 मीट्रिक टन यूरिया व 1168 मीट्रिक टन डीएपी सहकारी समितियों और इफको केंद्रों को आवंटित
सोनभद्र। खरीफ फसल की बुवाई के दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने यूरिया एवं डीएपी का व्यापक आवंटन किया है। जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद की सहकारी समितियों एवं इफको बिक्री केंद्रों के लिए 1377 मीट्रिक टन यूरिया तथा 1168 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित किया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की 74 सहकारी समितियों एवं इफको बिक्री केंद्रों को 1377 मीट्रिक टन यूरिया तथा 71 सहकारी समितियों एवं इफको बिक्री केंद्रों को 1168 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवंटित उर्वरकों की आपूर्ति पीसीएफ के माध्यम से संबंधित बिक्री केंद्रों तक कराई जा रही है, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति या इफको बिक्री केंद्र से ही निर्धारित सरकारी मूल्य पर उर्वरक खरीदें। यदि कहीं कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली या कृत्रिम अभाव जैसी शिकायत मिले तो इसकी सूचना तत्काल सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम अथवा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय को दें, जिससे दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसकी नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि खाद संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान 9198788248 एवं 9452165778 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

