चकिया (मदन मोहन)चंदौली। आगामी पंचायत चुनाव और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी का पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) कार्यकर्ता सम्मेलन चकिया में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और माल्यार्पण के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई, वहीं भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर विपक्षी नेताओं ने तीखे राजनीतिक हमले किए।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल नारों से नहीं, बल्कि घर-घर जाकर जनता के बीच पहुंचने से बदलाव संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक वर्ग तक पीडीए की सोच और पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी को पहले से अधिक मजबूत बनाना होगा।
पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों और बेरोजगार युवाओं की आवाज उठाने पर उन पर 18 मुकदमे दर्ज किए गए, लेकिन इससे उनके हौसले कमजोर नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने चंदौली सांसद छोटेलाल खरवार के साथ करैल क्षेत्र में चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान की जानकारी भी दी।
सम्मेलन में सांसद छोटेलाल खरवार ने आरक्षण, पेपर लीक और युवाओं के मुद्दे उठाते हुए सरकार पर पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वहीं चकिया के पूर्व चेयरमैन ने भाजपा पर ब्राह्मण समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया। सकलडीहा के नेता प्रभुनारायण यादव ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और संविधान के सम्मान की वास्तविक लड़ाई समाजवादी पार्टी ही लड़ रही है।
सम्मेलन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की भी कड़े शब्दों में निंदा की गई और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के माध्यम से आगामी पंचायत चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और पीडीए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

