अनपरा पुलिस की बड़ी सफलता, साइबर ठगी के शिकार युवक को लौटाए ₹17,788

सोनभद्र। थाना अनपरा पुलिस की सक्रियता और साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के एक पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने तकनीकी जांच और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी गई ₹17,788 की पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार, परासी निवासी हसीब हुसैन से 11 अगस्त 2025 को अज्ञात साइबर ठगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से कम कीमत में आईफोन दिलाने का झांसा देकर ₹17,788 की ऑनलाइन ठगी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना अनपरा की साइबर हेल्प डेस्क ने मामले की गहन जांच की। तकनीकी विश्लेषण के जरिए संदिग्ध लेनदेन का पता लगाया गया और संबंधित बैंक से समन्वय कर धनराशि को फ्रीज कर नियमानुसार रिवर्सल की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप ठगी गई पूरी राशि सफलतापूर्वक पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने अनपरा पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्य की सराहना की। साइबर टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक संतोष दीक्षित तथा साइबर हेल्प डेस्क के मुख्य आरक्षी आनंद मोहन बिन्द शामिल रहे।


साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस की अपील


पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात नंबर से प्राप्त APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही मोबाइल ऐप डाउनलोड करें, ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

ये भी पढ़िए