सीसीटीवी फुटेज से खुला बाइक चोरी का राज, रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने आरोपी दबोचा

चोरी की सुपर स्प्लेंडर बरामद, आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे मीरजापुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, बायपास रोड निवासी अरविन्द कुमार केशरी की काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UP64 AD 9398) 19 जुलाई को शीतला चौक स्थित दुकान के सामने से चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान शीतला चौक पुलिस बूथ पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की सक्रिय जांच के आधार पर आरोपी नागेश्वर पाण्डेय उर्फ दल्लू (35 वर्ष), निवासी मेढ़रा, थाना लालगंज, जनपद मीरजापुर की पहचान हुई। पुलिस टीम ने 28 जुलाई को उसके घर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घोरावल रोड स्थित कम्हारी गांव के पास हनुमत सोलर सेल की दुकान के समीप से चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई।
बुधवार को आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार, सोनभद्र भेज दिया गया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी की कार्रवाई उपनिरीक्षक विष्णु प्रभा सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा, थाना रॉबर्ट्सगंज एवं उनकी पुलिस टीम ने की।

ये भी पढ़िए