खेल के मैदान से हटा अवैध कब्जा, प्रशासन का बुलडोजर एक्शन

मदन मोहन

बरवाडीह में SDM विनय मिश्रा की अगुवाई में 3 मकान और 7 दुकानें ध्वस्त, सार्वजनिक भूमि कराई गई कब्जामुक्त

नौगढ़ (चंदौली)। सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बरवाडीह स्थित खेल के मैदान की जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत उपजिलाधिकारी (SDM) विनय मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में तीन अवैध मकानों और सात दुकानों को ध्वस्त कर भूमि को पुनः खेल मैदान के रूप में बहाल कर दिया गया।
राजस्व विभाग के अनुसार खेल मैदान की भूमि पर गांव के कल्लू जायसवाल, ईशु मियां और रामलाल द्वारा अवैध कब्जा कर मकान बनाए गए थे। इसके अलावा सात व्यावसायिक दुकानें भी संचालित की जा रही थीं। मामले में राजस्व न्यायालय से बेदखली का आदेश जारी होने के बाद संबंधित लोगों को दो बार नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।
इसके बाद बुधवार को भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम के साथ एसडीएम विनय मिश्रा मौके पर पहुंचे और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण हटाकर पूरी जमीन को कब्जामुक्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
अभियान में लेखपाल विक्रम पासवान, मनीष सिंह, विनय, संतोष, देवेंद्र, वैभव, अतुल कुमार, बच्चाराम और संजय पासवान सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों और भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वहीं, ग्रामीणों ने खेल के मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने पर प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।

ये भी पढ़िए