जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान का सम्मान, राज्यपाल ने बढ़ाया सोनभद्र पुलिस का गौरव

जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में सराहनीय कार्य का मिला प्रदेश स्तर पर सम्मान, प्रशस्ति पत्र से बढ़ा जिले का गौरव

सोनभद्र। जनस्वास्थ्य और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए सोनभद्र पुलिस को एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट सहयोग एवं प्रभावी सहभागिता के लिए महामहिम राज्यपाल महोदया द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है। इस सम्मान से न केवल सोनभद्र पुलिस का बल्कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ा है।
प्रदेश सरकार द्वारा किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया गया। इस महत्वाकांक्षी अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, प्रभावी रणनीति तथा व्यापक जनजागरूकता की अहम भूमिका रही।
जनपद सोनभद्र में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और सफलतापूर्वक संचालित करने में सोनभद्र पुलिस ने पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित विशेष एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम में पुलिस परिवार की पात्र बालिकाओं सहित अन्य किशोरियों का टीकाकरण कराया गया। इसके अलावा पुलिस ने अभियान के प्रचार-प्रसार, सुरक्षा व्यवस्था, जनजागरूकता और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सोनभद्र पुलिस की इसी उत्कृष्ट कार्यशैली, जनसेवा के प्रति समर्पण और स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रभावी समन्वय को देखते हुए महामहिम राज्यपाल महोदया ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि सोनभद्र पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभा रही है।

ये भी पढ़िए