बभनी लूट प्रकरण में पुलिस अधीक्षक ने घोषित किया पुरस्कार, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने दो वांछित अभियुक्तों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार बभनी थाने में दर्ज मु0अ0सं0-158/2026 से संबंधित लूट प्रकरण का पुलिस पहले ही सफल अनावरण कर कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जो अभी तक गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे हैं।

इनामी घोषित आरोपियों में पंकज साह, निवासी धूरीताल पश्चिम, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) तथा संजय साकेत, निवासी कनई, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पर ₹25-25 हजार का पुरस्कार घोषित किया है। सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन दोनों वांछित आरोपियों के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना प्राप्त हो तो वह निकटतम पुलिस थाने अथवा सोनभद्र पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

