सोनभद्र। पिपरी थाना पुलिस ने रेनुकूट में युवक की मौत के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैर-इरादतन हत्या के अभियोग में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी (आलाकत्ल) भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को चौकी प्रभारी रेनुकूट उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रेलवे रेनुकूट स्थित वरिष्ठ अनुभाग अभियंता रेलपथ कार्यालय की बाउंड्री के पीछे पाइपलाइन मार्ग के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पान की दुकान पर विवाद के बाद हुआ था हमला
पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई की रात करीब नौ बजे रेनुकूट बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान के पास संदीप पाल और आरोपियों के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने संदीप पाल के साथ मारपीट की। इसी दौरान आरोपी विशाल सिंह उर्फ बिट्टू ने टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी से संदीप पाल की दाहिनी आंख और कान के बीच वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल संदीप को उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पिपरी थाने में धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की चाबी बरामद की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

