वायरल वीडियो के बाद पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो सीज

सोनभद्र। सोशल मीडिया पर दुकान में घुसकर दबंगई और गुंडागर्दी का वीडियो वायरल होते ही सोनभद्र पुलिस हरकत में आ गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए करमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया गया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जिले में कानून तोड़ने वालों को कड़ा संदेश मिला है कि गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के निर्देशन में थाना करमा पुलिस ने वायरल वीडियो की गहन जांच की। जांच में दुकान पर दबंगई कर भय का माहौल बनाने की पुष्टि होने पर आरोपी विशाल सिंह उर्फ विपुल सिंह, निवासी पटैला, थाना करमा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। वहीं घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो (UP64 AW 8906) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को 30 जुलाई को ग्राम पगिया से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान, हेड कांस्टेबल संदीप सिंह तथा कांस्टेबल मोहित द्विवेदी की अहम भूमिका रही।


वायरल वीडियो पर जीरो टॉलरेंस


सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, दबंगई करने और आम लोगों में भय पैदा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़िए