महुआ चोरी कर भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों और पुलिस ने दबोचा, 40 किलो महुआ व बाइक बरामद

सोनभद्र। जुगैल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महुआ चोरी की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया 40 किलोग्राम महुआ, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा ताला तोड़ने के औजार बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को थाना जुगैल क्षेत्र के ग्राम निवारी टोला खड़िया में चंद्रवती केवट के घर के दो दरवाजों के ताले तोड़कर करीब 40 किलोग्राम महुआ चोरी कर दो चोर मोटरसाइकिल से भागने लगे। शोर सुनकर ग्रामीणों ने उनका पीछा किया और पुलिस की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अम्बुज तिवारी उर्फ सोनू तिवारी, निवासी ग्राम रमडीहा, थाना गढ़वा, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 किलोग्राम महुआ, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लगभग आधा मीटर लंबी लोहे की नुकीली रॉड तथा नुकीला पंच बरामद किया है।
इस मामले में थाना जुगैल पर मु0अ0सं0-0097/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा, हेड कांस्टेबल शैलेश यादव एवं महिला कांस्टेबल अंकिता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ये भी पढ़िए