खाद, पेपर लीक और महंगाई पर सपा का हमला, सरकार बनने पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा

प्रमोद यादव बोले— किसान खाद के लिए लाइन में, पेपर लीक से छात्र परेशान; सरकार बनने पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली व महिलाओं को ₹40 हजार वार्षिक पेंशन का वादा

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। नई बाजार चौराहे पर समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसान, नौजवान, महिला और व्यापारी विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने खाद की किल्लत, कालाबाजारी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, बिजली कटौती और बढ़ती महंगाई को प्रमुख समस्याएं बताया।
सभा को संबोधित करते हुए सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दो कार्यकाल के बाद भी किसान, नौजवान, व्यापारी और महिलाएं परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं और कई बार बिना खाद लिए लौट जाते हैं। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा विरोध करने पर छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया जाता है।
कार्यक्रम में प्रेम प्रसाद और हिफाजत अली ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और अघोषित बिजली कटौती को लेकर सरकार की आलोचना की। इस दौरान सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली तथा माता-बहनों को ₹40 हजार वार्षिक पेंशन देने का वादा पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में संतोष मोदनवाल, सरोज शर्मा, मोहन यादव, इदुदु, सोहन, अनिल विश्वकर्मा, साहिल अहमद, गोपाल गुप्ता, जाफिर अली, नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अंत में नेताओं ने जनता से आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने की अपील की।

ये भी पढ़िए