जनसुनवाई में एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, निष्पक्ष व समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व प्रकरण सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों की गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक जांच की जाए और पीड़ितों को की गई कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उनमें बिना देरी के विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद एवं पारदर्शिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये भी पढ़िए