दीवार तोड़कर हुई चोरी का 24 घंटे में खुलासा, नकदी-चांदी की पायल समेत आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र। ओबरा थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी, चांदी की पायल तथा पीड़िता के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात सेक्टर-4 स्थित आरओ पानी टंकी के पास रहने वाली लाजो पत्नी स्वर्गीय राजा के घर की दीवार तोड़कर चोर अंदर घुस गया था। आरोपी घर से ₹3,500 नकद और एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर ओबरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रवीण उर्फ बल्ली (26 वर्ष) निवासी सेक्टर-4, ओबरा (मूल निवासी कसारा, थाना कोपागंज, जनपद मऊ) को चिल्ड्रेन पार्क के पीछे स्थित खंडहरनुमा मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹3,000 नकद, एक जोड़ी चांदी की पायल, पीड़िता का आधार कार्ड और बैंक ऑफ बड़ौदा की पासबुक बरामद की। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पटेल, कांस्टेबल राहुल श्रीवास एवं जय सिंह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ये भी पढ़िए