चेन स्नैचिंग का खुलासा: चोपन पुलिस ने शातिर आरोपी को दबोचा, ₹42 हजार नकद बरामद

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने करीब तीन महीने बाद गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन बेचकर प्राप्त ₹42,170 नकद बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत निरुद्ध किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चोपन गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी खुर्शीद आलम उर्फ कोर्शीद आलम (36) निवासी सेवा सदन बाड़ी डाला, हाल निवासी ग्राम वर्दिया, थाना चोपन को 01 अगस्त को सुबह करीब 11:18 बजे रॉबर्ट्सगंज कचहरी चौक गेट से गिरफ्तार किया।


मॉर्निंग वॉक के दौरान छीनी थी सोने की चेन


पुलिस के मुताबिक, 09 मई 2026 को मुद्रिका सेठ निवासी अमन विहार कॉलोनी, नई बस्ती डाला ने थाना चोपन में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पत्नी प्रभा देवी सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान वीरवल के घर के पास एक व्यक्ति उनकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। घटना के समय सुबह होने के कारण आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से चेन की बिक्री से प्राप्त ₹42,170 बरामद किए। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर धारा 207 एमवी एक्ट के तहत निरुद्ध कर दिया।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना चोपन में चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 में धारा 380/411, वर्ष 2023 में धारा 380/411/457 आईपीसी तथा वर्ष 2024 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, उपनिरीक्षक एवं डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी, हेड कांस्टेबल सीताराम यादव और हेड कांस्टेबल शिवशरण राम शामिल रहे।

ये भी पढ़िए