औद्योगिक इलाकों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत, डीएम ने सड़क परियोजनाओं को लेकर दिए निर्देश

सोनभद्र। जनपद में औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने रविवार को विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित मार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शासन स्तर से आवश्यक स्वीकृतियां एवं अनुमतियां शीघ्र प्राप्त कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक लॉजिस्टिक योजनांतर्गत नधीरा–धरतीदाण्ड लिंक मार्ग (बखरिहवा से नधीरा) का करीब 10 किलोमीटर लंबा मार्ग 1.60 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित है। वहीं डिबुलगंज–जोगेन्द्र मार्ग करीब 10 किलोमीटर लंबाई में 64.50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित है।
इसी क्रम में बखरिहवा–बीजपुर मार्ग (तहसील दुद्धी) बखरिहवा से बीजपुर स्वागत गेट तक करीब 18.42 किलोमीटर लंबाई में 49 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित है। इसके अलावा वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर औड़ी मोड़ (अनपरा) से शक्तिनगर तक करीब 20.17 किलोमीटर मार्ग के लिए 55.72 करोड़ रुपये तथा मिर्चाधुर रेलवे स्टेशन–औड़ी मोड़ (अनपरा) मार्ग के करीब 12.15 किलोमीटर हिस्से के लिए 24.70 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत प्रस्तावित की गई है।
दूरस्थ और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
जिलाधिकारी ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से जनपद के दूरस्थ एवं औद्योगिक क्षेत्रों की आवागमन व्यवस्था और संपर्क सुविधा को मजबूती मिलेगी। इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजनाओं से संबंधित सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी कराई जाएं। निर्माण शुरू होने के बाद कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। आमजन को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संत पाल वर्मा,उपजिलाधिकारी दुद्धी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए