दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र । ग्रामीण आवास दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति द्वारा 65 वर्षीय आदिवासी महिला से चांदी की मोटी हसुली ठगकर फरार होने का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, इंजोरा देवी (लगभग 65 वर्ष) पत्नी बुधराम, निवासी ग्राम बबनडीहा, थाना म्योरपुर, सोनभद्र के घर एक व्यक्ति पहुंचा और खुद को अधिकारी बताते हुए पूछा कि उनका आवास आया है या नहीं। महिला के परिजनों द्वारा आवास नहीं आने की बात कहने पर आरोपी ने मकान के सामने महिला की फोटो खींची और आधार कार्ड अपडेट कराने के नाम पर उन्हें दुद्धी ले आया।
बताया गया कि 2 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे इंजोरा देवी अपनी बहू और बच्ची के साथ डीआर होटल के सामने पुल के पास पहुंचीं। आरोप है कि वहां उक्त व्यक्ति ने महिला से कहा कि अधिकारी के यहां फोटो खिंचवाना है और चांदी की हसुली पहनकर जाने से आवास कैंसिल हो जाएगा।
आरोपी ने महिला की मोटी चांदी की हसुली उतरवाकर अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रख ली। महिला द्वारा विरोध करने के बावजूद उसने हसुली वापस नहीं की और आधार कार्ड लेकर आने की बात कहकर बाइक से मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ तो वह परेशान होकर मदद के लिए डायल 112 से संपर्क करने का प्रयास करती रही, लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो सका। इसके बाद स्थानीय लोगों की सलाह पर महिला थाना कस्बा दुद्धी पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
समाचार लिखे जाने तक मामले में तहरीर एवं पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने तथा महिला की चांदी की हसुली बरामद कराने की मांग की है।

