सोनभद्र, । वर्ष 2025-26 के लिए राज्य स्तरीय विवेकानंद युवा पुरस्कार (व्यक्तिगत श्रेणी) हेतु सोनभद्र जनपद के पात्र युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक युवा निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन 6 अगस्त 2026 तक जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय, विकास भवन सोनभद्र के कक्ष संख्या-68 में जमा कर सकते हैं।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। पुरस्कार के लिए पिछले तीन वर्षों में 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2025 तक किए गए उत्कृष्ट कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा।
इसके तहत खेलकूद, सामाजिक सेवा, वृक्षारोपण, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला-संस्कृति, साहित्य, मानवाधिकार, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सामुदायिक सेवा, जैविक खेती, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान को शामिल किया गया है।
पुरस्कार के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का नागरिक होना आवश्यक है तथा 1 जनवरी के अनुसार उसकी आयु 15 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक द्वारा विगत तीन वर्षों में उल्लेखनीय कार्य किया गया होना चाहिए। यह पुरस्कार किसी व्यक्ति को जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा।
केंद्र अथवा राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, विश्वविद्यालयों तथा विद्यालय या महाविद्यालयों में कार्यरत सरकारी सेवक इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे।
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ आवश्यक अभिलेखों की मूल प्रति एवं तीन प्रतियां निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करनी होंगी। जनपद से पात्र युवाओं के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे।

