सोनभद्र।बभनी थाना क्षेत्र के ग्राम बरवाटोला मैरहवा निवासी नागवंत (35) नामक युवक की घर पर अचानक करंट लगने से मृत्यु हो गई। परिजनों ने मंगलवार को थाना बभनी में सूचना दी। पुलिस के अनुसार घटना 3 अगस्त को दोपहर लगभग 2 बजे घटित हुई।
बताया गया कि खेत से धान रोपाई करके घर लौटने के बाद नागवंत ने घर के अंदर लगे बिजली बोर्ड का स्विच ऑन किया, तभी अचानक करंट लग गया। शोर सुनकर उसकी पत्नी पूनम देवी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। प्राथमिक उपचार हेतु परिवारजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन ने थाना बभनी में शिकायत देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया है ।घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।

