एसपी ने हरी झंडी दिखाकर अत्याधुनिक वाहनों को किया रवाना, ओवरस्पीडिंग और नशे में ड्राइविंग पर होगी सख्त कार्रवाई
सोनभद्र,। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक से लैस इंटरसेप्टर वाहनों को मैदान में उतार दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को पुलिस लाइन चुर्क से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अत्याधुनिक उपकरणों से लैस ये इंटरसेप्टर वाहन जिले के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, नगर क्षेत्रों तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखेंगे। ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश एवं स्टंट ड्राइविंग, ध्वनि प्रदूषण और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
स्पीड लेजर गन से लेकर ANPR तक की सुविधा
इंटरसेप्टर वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइजर, अल्कोहल मीटर, हूटर और लाल-नीली चेतावनी बत्ती जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
इन तकनीकों की मदद से यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की निगरानी और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है।
यातायात पुलिसकर्मियों को बांटे सुरक्षा उपकरण
कार्यक्रम के दौरान एसपी अभिषेक वर्मा ने ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को छाता, रेनकोट, हाई पावर टॉर्च, ब्लैक चश्मा और मास्क भी वितरित किए, ताकि मौसम और अन्य परिस्थितियों में वे सुरक्षित रहते हुए ड्यूटी को प्रभावी ढंग से अंजाम दे सकें।
एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ किया जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ आमजन को लगातार जागरूक करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम, यातायात प्रभारी समेत यातायात शाखा के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

