बीजपुर (सोनभद्र)। बीजपुर थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में मंगलवार की दोपहर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर क्षेत्र में बारिश के साथ तेज गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से युवक बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में परिजनों ने पीआरबी-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए धनवंतरी चिकित्सालय, एनटीपीसी रिहंद नगर में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि घटना के दौरान कुछ दूरी पर 12 वर्षीय रिया पुत्री छोटेलाल भी मौजूद थी, जिसे आकाशीय बिजली का मामूली झटका लगा। हालांकि वह सुरक्षित बच गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

