नशे के खिलाफ ओबरा पुलिस का बड़ा वार, हेरोइन समेत 3.27 लाख की सामग्री बरामद

27.10 ग्राम हेरोइन, 207 शीशी कोडिश्रीन सिरप व 650 सीसी एविल इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

(ऋषभ सिंह)ओबरा, सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ओबरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिल्ली स्थित रविदास नगर में दबिश देकर कथित रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले 23 वर्षीय रितेश जायसवाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे/घर से 27.10 ग्राम अवैध हेरोइन, 207 शीशी कोडिश्रीन सिरप और 650 सीसी एविल इंजेक्शन समेत अन्य सामग्री बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री की अनुमानित कुल कीमत 3,27,899.50 रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, काले रंग की पत्ती लगी चिमटी और 1,300 रुपये नकद भी बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक 09 अगस्त को रविदास नगर, वार्ड नंबर-01 बिल्ली में दबिश के दौरान रितेश जायसवाल को पकड़ा गया। बरामदगी के आधार पर थाना ओबरा में मु0अ0सं0-175/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक ओबरा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल राहुल श्रीवास शामिल रहे।

ये भी पढ़िए