महिला-बाल सुरक्षा को लेकर जागरूक हुआ सोनभद्र, छात्र-छात्राओं को बताए अधिकार

संत कीनाराम विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, मिशन शक्ति से लेकर हेल्पलाइन सेवाओं तक दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

सोनभद्र। महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत बनाने और छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को संत कीनाराम विद्यालय, रॉबर्ट्सगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग की टीम ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मुसीबत में हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम में मिशन शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और पीसीपीएनडीटी अधिनियम समेत महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और आपातकालीन सेवा-112 के बारे में बताया गया।
विद्यार्थियों को सुरक्षित व्यवहार, शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण के प्रति प्रेरित करते हुए कहा गया कि किसी भी तरह की हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षित परिस्थिति सामने आने पर चुप न रहें और तत्काल सहायता लें।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया जागरूक
महिला कल्याण विभाग की टीम ने वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की पात्रता एवं मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। उपस्थित लोगों से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की गई।
कार्यक्रम में जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह, परियोजना समन्वयक मुकेश सिंह सहित महिला कल्याण विभाग की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं को सुरक्षा के साथ-साथ अधिकार, आत्मनिर्भरता और सरकारी सहायता के प्रति सजग बनाना रहा।

ये भी पढ़िए