चुर्क में भव्य तिरंगा महोत्सव, मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन; देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
सोनभद्र। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बुधवार को स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, चुर्क देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। परिसर में आयोजित तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला एवं प्रदर्शनी में रंगोली, आकर्षक प्रदर्शनी और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ऐसा माहौल बनाया कि पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम हंसराज विश्वकर्मा, विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड, उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष अजीत सिंह खरवार, सदर विधायक भूपेश चौबे, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रंगोली और प्रदर्शनी में दिखी बच्चों की रचनात्मकता
कार्यक्रम के शुभारंभ पर अतिथियों ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार रंगोली और तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने तिरंगे, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति से जुड़े विषयों को अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, डीएवी स्कूल, बेसिक विद्यालय रौंप और समाज कल्याण विभाग के आश्रम पद्धति विद्यालय समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रथम एवं द्वितीय चरण में आयोजित पेंटिंग, रंगोली, प्रदर्शनी और वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक : हंसराज विश्वकर्मा
मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। यह स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यबोध विकसित करने पर जोर दिया तथा जनपदवासियों से घर-घर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि तिरंगे के नीचे पूरा देश एक है और यही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि तिरंगा करोड़ों भारतीयों की भावनाओं, त्याग, संघर्ष और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
‘हर घर तिरंगा’ जन-जन को राष्ट्रगौरव से जोड़ने का अभियान : डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ महज कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन को राष्ट्रगौरव, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रीय कर्तव्यों से जोड़ने का अभियान है। तिरंगा हमें एकता, अखंडता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा महोत्सव, मेला और प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसकी गरिमा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से घरों पर तिरंगा फहराने के साथ ध्वज संहिता का पालन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

