घोरावल-शिवद्वार मार्ग पर सड़क मरम्मत व लेपन कार्य तेज, मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान
सोनभद्र। कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने शिवद्वार में व्यापक तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर घोरावल-शिवद्वार मार्ग को सुगम बनाने के साथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में साफ-सफाई व अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा घोरावल मार्ग से शिवद्वार मंदिर तक सड़क पर गिट्टी डालने और लेपन का कार्य कराया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं जिला पंचायत राज विभाग की टीमें मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित कर रही हैं।
नगर पंचायत की ओर से मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूछताछ काउंटर समेत आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं को आवागमन, ठहरने, स्वच्छता सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मेला अवधि में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि शिवद्वार पहुंचने वाले प्रत्येक कांवड़ यात्री को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जाए।

