रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने दो आरोपियों के घर पर धारा 84 बीएनएसएस की कार्रवाई की
सोनभद्र। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने न्यायालय से निर्गत आदेशों का प्रभावी अनुपालन कराते हुए दो वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 84 बीएनएसएस के तहत आदेशिका की नियमानुसार तामील कराई। पुलिस के अनुसार थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज मु0अ0सं0 1100/2025 से संबंधित अभियुक्त मल्लू उर्फ अफसर पुत्र दल्लू उर्फ निसार, निवासी तकिया सुकृत तथा इबरार उर्फ झोटा पुत्र स्व. इजहार, निवासी बहुअरा के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा आदेशिका जारी की गई थी।
11 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों के आवास पर पहुंचकर न्यायालय की आदेशिका की तामील कराई। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त मल्लू उर्फ अफसर के निजी आवास के मुख्य द्वार के साथ ही गांव के प्रवेश द्वार पर सहज दृश्य स्थान पर गवाहों की मौजूदगी में आदेशिका चस्पा की गई। वहीं अभियुक्त इबरार उर्फ झोटा के निजी आवास के मुख्य द्वार पर भी गवाहों के समक्ष आदेशिका चस्पा कर तामील की कार्रवाई पूरी की गई। मामला धारा 109(1), 61(2) बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट, 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी लोढ़ी उमाशंकर यादव तथा चौकी प्रभारी कांशीराम आवास योगेन्द्र पाण्डेय शामिल रहे।
सोनभद्र पुलिस के अनुसार न्यायालय से जारी आदेशों का नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित कराने के साथ अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।

