सोनभद्र (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी तहसील क्षेत्र में लगातार गहराते बिजली संकट और लचर आपूर्ति व्यवस्था से नाराज अधिवक्ताओं का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। बुधवार को दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकीलों ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर चरमराई विद्युत व्यवस्था के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कचहरी परिसर से एकजुट होकर निकले अधिवक्ताओं के दल ने जुलूस के रूप में तहसील तिराहे स्थित बिजली बिल भुगतान केंद्र का रुख किया। बिजली केंद्र के सामने पहुँचकर वकीलों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आपूर्ति व्यवस्था पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं का दल तहसील मुख्यालय पहुँचा, जहाँ उन्होंने उपजिलाधिकारी एसडीएम अशोक कुमार और क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी से मुलाकात की। वकीलों ने अधिकारियों के सामने अपनी कड़ी नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में बिजली कटौती से आ रही समस्याओं की शिकायत की और व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो अधिवक्ता समाज चुप नहीं बैठेगा और बाध्य होकर उग्र आंदोलन की राह चुनेगा।
जुलूस में प्रेमचंद यादव जितेंद्र श्रीवास्तव रामपाल जौहरी रामजी पांडे सतनारायण यादव पीयूष आशीष गुप्ता अभिनव जायसवाल सहित काफी संख्या में अधिवक्ता रहे ।

