मिशन शक्ति 5.0: सोनभद्र में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान

स्कूल-कॉलेज से गांव-चौपाल तक पहुंची मिशन शक्ति टीम, साइबर ठगी से बचाव और महिला अधिकारों की दी जानकारी

सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में जनजागरूकता अभियान को तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन से सीधा संवाद किया।
अभियान के दौरान लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिला एवं बाल हिंसा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर किसी भी तरह के शोषण या हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
बदलते दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस टीमों ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए। लोगों को विशेष रूप से सचेत किया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें।
मुसीबत में घबराएं नहीं, इन नंबरों पर करें संपर्क
पुलिस ने महिलाओं और आमजन को आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी—
112 — आपातकालीन सेवा
1090/1091 — महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
181 — महिला हेल्पलाइन
1930 — साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
सोनभद्र पुलिस का यह अभियान महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि महिला अपराध, बाल उत्पीड़न या साइबर ठगी की किसी भी घटना को छिपाएं नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें।

ये भी पढ़िए