मांची पुलिस का शराब तस्करों पर बड़ा शिकंजा, बोलेरो से 25 पेटी अवैध शराब बरामद

182.70 लीटर अंग्रेजी शराब समेत करीब 1.94 लाख का माल पकड़ा, 14 वर्षीय बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

सोनभद्र। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए मांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मझुई के पास घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन को पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लदी मिली। कार्रवाई के दौरान एक करीब 14 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना मांची पुलिस 11 अगस्त को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मझुई के पास संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की तलाशी में 25 पेटी विभिन्न ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
830 बोतल/पाउच, कीमत करीब 1.94 लाख
पुलिस ने बरामद शराब का विवरण देते हुए बताया कि कुल 182.70 लीटर शराब, करीब 830 बोतल/पाउच बरामद किए गए हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹1,94,430 बताई गई है। इसके साथ ही बोलेरो वाहन संख्या BR-1AP-8259 को भी कब्जे में लिया गया।
मामले में थाना मांची पर मु0अ0सं0-50/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। वाहन के वैध कागजात उपलब्ध नहीं होने पर उसे धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।


अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप


पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुंवर सिंह, उपनिरीक्षक रमेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल श्यामलाल, हेड कांस्टेबल राधेश्याम सिंह यादव और कांस्टेबल संदीप सरोज शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सोनभद्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए