स्कैनर भेजकर उड़ाए थे 25 हजार, साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई से खाते में लौटी पूरी रकम
सोनभद्र। साइबर ठगों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की मुहिम में बीजपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। स्कैनर भेजकर साइबर ठगी का शिकार हुए युवक के ₹25 हजार पुलिस ने न सिर्फ होल्ड कराए, बल्कि पूरी रकम उसके बैंक खाते में वापस भी करा दी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।
बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेमना निवासी बबलू कुमार पुत्र गंगाप्रसाद के मोबाइल पर अज्ञात साइबर ठग ने स्कैनर भेजकर ₹25,000 की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली थी। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए NCRP पोर्टल पर शिकायत की निगरानी शुरू की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम ₹25 हजार को होल्ड करा दिया।
इसके बाद साइबर टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर संबंधित बैंक शाखा को रिपोर्ट भेजी। पुलिस की लगातार कार्रवाई का परिणाम रहा कि ठगी की पूरी ₹25,000 की धनराशि पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस पहुंच गई।
ठगों की चाल पर पुलिस की साइबर टीम ने फेरा पानी
रकम वापस मिलने के बाद बबलू कुमार ने बीजपुर पुलिस की साइबर टीम की जमकर सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया। यह कार्रवाई साइबर ठगी के मामलों में समय पर शिकायत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के महत्व को भी सामने लाती है।
रकम वापस कराने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकान्त पाण्डेय, साइबर हेल्प डेस्क कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण तथा महिला कांस्टेबल निहारीका पाण्डेय शामिल रहे।
ठगी हो तो ‘गोल्डन ऑवर’ में करें शिकायत
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी होते ही घबराएं नहीं और तुरंत 1930 पर कॉल करें। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। शिकायत में जितनी देरी होगी, रकम वापस मिलने की संभावना उतनी ही प्रभावित हो सकती है।

