जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
सोनभद्र। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ जनपद में मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 से 16 अगस्त तक सोनभद्र में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं 13 और 14 अगस्त को मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका अधिक जताई गई है। इसे देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त को भारी बारिश के साथ वज्रपात की अधिक संभावना, जबकि 14 अगस्त को भी भारी वर्षा और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा। 15 और 16 अगस्त को भी भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि, कच्चे व जर्जर मकानों को नुकसान तथा सड़क और विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
नदी-नालों और रपटों से रहें दूर
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नाले, रपटे और पुलिया पर तेज बहाव होने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें। जलभराव वाले रास्तों पर वाहन न ले जाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें। कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
आकाशीय बिजली को लेकर विशेष सतर्कता
मेघगर्जन के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्र, नदी-तालाब के किनारे या पेड़ के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली की स्थिति में पक्के भवन के अंदर सुरक्षित रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें। बिजली के तारों, खंभों और क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों से भी दूरी बनाए रखें।
किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह
भारी बारिश को देखते हुए किसानों से खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने की अपील की गई है। जलभराव की स्थिति में अतिरिक्त पानी की निकासी करें तथा भारी बारिश के दौरान अनावश्यक कृषि कार्य और रासायनिक दवाओं के छिड़काव से बचें।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक मौसम चेतावनियों एवं प्रशासनिक निर्देशों पर भरोसा करें।

