वंदन योजना से बदलेगी सोनभद्र के दो प्राचीन मंदिरों की तस्वीर

महावीर मंदिर और शीतला माता मंदिर के विकास को मिली शासन की मंजूरी, करीब ₹4 करोड़ होंगे खर्च

सोनभद्र। योगी सरकार की वंदन योजना के तहत सोनभद्र के दो प्रमुख प्राचीन धार्मिक स्थलों के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने दुद्धी नगर पंचायत स्थित प्राचीन महावीर जी मंदिर और चुर्क-घुर्मा स्थित मां शीतला माता मंदिर में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए करीब 3.92 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। विकास कार्य पूरे होने के बाद दोनों मंदिर श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकेंगे।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार, दुद्धी स्थित प्राचीन महावीर जी मंदिर के विकास के लिए 1.93 करोड़ रुपये तथा मां शीतला माता मंदिर, चुर्क-घुर्मा के लिए 1.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बजट स्वीकृति के बाद विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लिंक रोड से लेकर प्रकाश-पेयजल तक होंगी सुविधाएं
वंदन योजना के तहत दोनों मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिंक रोड, प्रकाश, पेयजल और साज-सज्जा सहित विभिन्न अवस्थापना सुविधाओं का विकास कराया जाएगा। इससे मंदिरों तक पहुंच आसान होने के साथ ही श्रद्धालुओं के ठहरने और आवागमन में भी सहूलियत मिलेगी। मंदिर परिसरों के सौंदर्यीकरण से इनकी भव्यता भी बढ़ेगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार
जिलाधिकारी ने कहा कि सोनभद्र प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत से भी समृद्ध है। प्राचीन मंदिरों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शासन को भेजे गए प्रस्तावों के क्रम में दोनों मंदिरों के विकास को स्वीकृति मिली है।
विकास कार्य पूरे होने के बाद दोनों धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने और सोनभद्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़िए