मिशन शक्ति 5.0 ने बढ़ाया महिला सुरक्षा का भरोसा, सोनभद्र में पुलिस का जागरूकता अभियान तेज

सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में जनजागरूकता अभियान को धार दे दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रमों में गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार, बाल विवाह, लैंगिक समानता और महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
साइबर ठगी से बचाव को लेकर भी किया सचेत
बदलते दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए मिशन शक्ति टीमों ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए। पुलिस ने लोगों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या पासवर्ड साझा न करें।
मुसीबत में इन नंबरों पर करें कॉल 112 – आपातकालीन सेवा, 1090/1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन,181 – महिला हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पुलिस का संदेश साफ—महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा, समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़िए