सोनभद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, उत्पादों की गुणवत्ता से लेकर डिजिटल बाजार तक पहुंच बढ़ाने की दी गई जानकारी
सोनभद्र। पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े कारीगरों और लाभार्थियों को अपने हुनर को बेहतर बाजार देने के लिए ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग की बारीकियां सिखाई गईं। पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई विकास कार्यालय वाराणसी की ओर से ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी सुश्री जागृति अवस्थी, आईएएस रहीं। उन्होंने लाभार्थियों को अपने पारंपरिक हुनर और उत्पादों को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने तथा बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एमएसएमई विकास कार्यालय के सहायक निदेशक वी.के. राणा एवं राजेश कुमार चौधरी समेत संबंधित अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे।
तकनीकी सत्र में डॉ. मनीष अरोड़ा, बीएचयू ने पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग, संजय रस्तोगी ने उद्यमिता विकास तथा मोहम्मद तफाशीर खान, शाखा प्रबंधक, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, सोनभद्र ने डिजिटल मार्केटिंग और पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने लाभार्थियों को बताया कि बेहतर गुणवत्ता के साथ आकर्षक पैकेजिंग, मजबूत ब्रांड पहचान और डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी इस्तेमाल उनके उत्पादों को स्थानीय बाजार से निकालकर बड़े बाजार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। इस दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और सुझावों पर खुलकर चर्चा भी की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों को अपने पारंपरिक कौशल को व्यवसाय और मजबूत बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

