सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और लक्ष्य प्राप्ति में पिछड़ने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी वसूली कार्रवाई करने, आरसी का नियमित मिलान कराने तथा सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण और भूमि संबंधी विवादों के समाधान के लिए मौके पर जाकर कार्रवाई करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की नियमित जांच कराने तथा मिलावटखोरी के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित मानकों एवं शासनादेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में उप जिलाधिकारी घोरावल श्री विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी न्यायिक रॉबर्ट्सगंज श्रीमती आकांक्षा गौतम, प्रशासनिक अधिकारी श्री रामलाल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

