CCTV से ड्रोन तक… शिवद्वार में सुरक्षा का फुल प्लान तैयार, DM-SP ने दिए निर्देश

सोनभद्र । श्रावण मास में प्रसिद्ध शिवद्वार मंदिर में उमड़ रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और आस्था के सैलाब को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने शिवद्वार मंदिर परिसर और मंदिर मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। मंदिर मार्ग पर यातायात व्यवस्था को भी परखा गया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को कहीं भी जाम या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।


CCTV से लेकर ड्रोन तक, चप्पे-चप्पे पर नजर


सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया। भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी निगरानी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी पूरा फोकस

DM और SP ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और मेडिकल सुविधा की उपलब्धता का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़ बढ़ने पर प्रवेश-निकास व्यवस्था को व्यवस्थित रखते हुए यातायात का सुचारु संचालन कराया जाए।

प्रशासन का साफ संदेश—आस्था के साथ सुरक्षा भी जरूरी

श्रावण मास में शिवद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मंदिर परिसर से लेकर मार्ग तक लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया। प्रशासन का उद्देश्य साफ है—शिवभक्तों की आस्था में कोई बाधा न आए और हर श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में बाबा के दर्शन कर सकें।

ये भी पढ़िए