प्रेम प्रसंग की रंजिश में युवक की हत्या, 3 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

सोनभद्र। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग को लेकर उपजे विवाद और रंजिश में युवक की गला दबाकर और पानी में डुबोकर हत्या की गई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 15/16 अगस्त की रात भारतदीप दुलारे राम कुंजुर (19) निवासी सिलथम अचानक लापता हो गया था। बाद में उसका शव कसरहिया नदी पुल के नीचे पानी में मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद 17 अगस्त को रामपुर बरकोनिया थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने जांच तेज कर दी। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक का एक युवती से पूर्व में प्रेम प्रसंग था। बाद में युवती द्वारा आरोपी शुभम पासवान से बातचीत किए जाने को लेकर मृतक और शुभम के बीच विवाद तथा रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में शुभम ने मृतक को पूर्व में धमकी भी दी थी। पुलिस जांच में आरोप है कि घटना वाली रात मृतक युवती से मिलने गया था। युवती द्वारा शुभम को इसकी जानकारी दिए जाने के बाद शुभम अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने मृतक के साथ मारपीट की और गला/गर्दन दबाने तथा पानी में डुबोने से उसकी मौत हो गई।
मुकदमा दर्ज होने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से बाहर भागने की फिराक में थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हसुआ नदी पुल, ग्राम करवनिया के पास घेराबंदी कर रात करीब 10:40 बजे तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार पासवान (19), संदीप कुमार उर्फ छोटू (26) और आत्मानन्द उर्फ लप्पू गौतम (21), सभी निवासी ग्राम पटना, थाना रामपुर बरकोनिया, सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रामसिंहासन शर्मा समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की गुत्थी 24 घंटे में सुलझने पर इलाके में मामले की खूब चर्चा है।

ये भी पढ़िए