राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव में सोनभद्र के रक्तवीर अफसार रजा होंगे सम्मानित

(जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी, सोनभद्र। राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन, अयोध्या के तत्वावधान में आगामी 11, 12 एवं 13 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले “राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं सेवा रत्न सम्मान समारोह-2026” में सोनभद्र के दुद्धी निवासी एवं उम्मीद फाउंडेशन के अध्यक्ष अफसार रजा को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं रक्तदान सेवा कार्यों के लिए “राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान-2026” से सम्मानित किया जाएगा। इस खबर से दुद्धी सहित पूरे सोनभद्र जिले में हर्ष का माहौल है।
जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, ब्यूरो चीफ सोनभद्र। राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष आकाश गुप्ता ने बताया कि तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तवीरों, समाजसेवियों और स्वयंसेवी संगठनों को सम्मानित करना है।
आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से रक्तदाता एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके साथ ही नेपाल और भूटान से भी रक्तदाता एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के सहभागिता करने की जानकारी दी गई है। महोत्सव के दौरान राष्ट्रीय रक्तदान शिविर, रक्तदान जागरूकता अभियान और सम्मान समारोह सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अफसार रजा लंबे समय से सामाजिक सेवा एवं रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उम्मीद फाउंडेशन के माध्यम से रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों तक रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान समारोह में सोनभद्र के रक्तवीर को सम्मानित किया जाना जिले के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है। सम्मान समारोह एच.आर. पैलेस, निकट पेपर मिल, अयोध्या नगर सी, राजमार्ग, दर्शननगर, अयोध्या में आयोजित किया जाएगा।
अफसार रजा को राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान मिलने की खबर पर दुद्धी क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, रक्तदाताओं एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कहा कि रक्तदान जैसी पुनीत सेवा के माध्यम से मानव जीवन बचाने का कार्य करने वाले रक्तवीरों का सम्मान समाज के अन्य लोगों को भी सेवा के लिए प्रेरित करता है।

ये भी पढ़िए