करमा थाने में सीओ घोरावल का बड़ा एक्शन, आगामी पर्वों को लेकर पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय ने थाना करमा के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। बैठक में आगामी पर्वों के साथ-साथ लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने SID बनाने, यक्ष फीडिंग तथा 60/90 दिवस की विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को विवेचनाओं का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों में अनावश्यक देरी न बरतने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने पर जोर दिया।
आगामी बारावफात एवं रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए क्षेत्राधिकारी ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक के दौरान पुलिसकर्मियों को आगामी पर्वों के मद्देनजर पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़िए