सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने फर्जी रसीदों के जरिए कंपनी को आर्थिक क्षति पहुंचाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राहकों से ऋण की किश्त और अन्य देय राशि वसूलने के बाद उसे कंपनी में जमा करने के बजाय निजी उपयोग में खर्च करता था। मामले को छिपाने के लिए वह मोबाइल फोन से कंपनी की रसीदों में एडिट कर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 509/2026 में वांछित अभियुक्त संजय कुमार मौर्य (31 वर्ष) निवासी ग्राम शिवखरी, पोस्ट केकराही, खैरही, थाना रॉबर्ट्सगंज, हाल पता ग्राम गैगुआर, पोस्ट बिच्छी को 24 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर चण्डी होटल के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया मामला
पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह पैसालो डिजिटल लिमिटेड कंपनी में कार्य करता था। उसका काम ऋणधारियों से किश्त एवं अन्य देय धनराशि लेकर कंपनी में जमा करना था। आरोप है कि आर्थिक लालच में वह ग्राहकों से प्राप्त रकम कंपनी में जमा करने के बजाय निजी कार्यों में खर्च कर देता था।
पुलिस के अनुसार, ग्राहकों को वास्तविक स्थिति की जानकारी न हो, इसके लिए आरोपी मोबाइल फोन की मदद से कंपनी की रसीदों को एडिट कर उन्हें देता था। इससे ग्राहकों को यह विश्वास बना रहता था कि उनकी रकम कंपनी में जमा हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि इस तरीके से कंपनी को आर्थिक क्षति पहुंची।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध धारा 319(2), 318(4), 336(3), 338 एवं 340(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम कार्रवाई में उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, चौकी प्रभारी लोढ़ी, थाना रॉबर्ट्सगंज तथा रि0का0 अमित कुमार शुक्ला, चौकी लोढ़ी शामिल रहे।

