सोनभद्र में एक सप्ताह में भरेंगे सड़कों के गड्ढे, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

गड्ढों के कारण दुर्घटना हुई तो संबंधित अधिकारी की तय होगी जिम्मेदारी, आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने के निर्देश

सोनभद्र, 25 अगस्त। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात के दौरान सड़कों पर हुए गड्ढों को भरने के लिए विशेष अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूरी कराई जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, टोल प्लाजा, नगर पालिका एवं नगर पंचायत तथा जिला पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर अधिक गड्ढे हैं अथवा दुर्घटना की आशंका अधिक है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल मरम्मत कराई जाए। सड़क सुरक्षा को आमजन की सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय बताते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि सड़कों के गड्ढों के कारण यदि दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी या विभाग की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों का अनुपालन केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

आवारा पशुओं पर भी चलेगा अभियान

सड़क सुरक्षा की दृष्टि से सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित एवं आवारा पशुओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को पकड़कर नियमानुसार गौशालाओं में संरक्षित कराने को कहा। डीएम ने कहा कि सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

इसके अलावा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए