जिला कारागार और बाल गृह बालिका का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती गीता विश्वकर्मा ने मंगलवार को जनपद में जिला कारागार एवं बाल गृह बालिका का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला बंदियों एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य ने महिला बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही खान-पान, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने महिला बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने बाल गृह बालिका का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बालिकाओं के भोजन, रहन-सहन, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बालिकाओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला बंदियों एवं बाल गृह में निवासरत बालिकाओं को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। परिसर में साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के साथ किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़िए