युवाओं को मिली नई उड़ान, कृषि विभाग में 46 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र

सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कृषि विभाग में नवचयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-‘सी’ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का मंगलवार को सोनभद्र में सजीव प्रसारण किया गया। उप कृषि निदेशक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड की अध्यक्षता में जनपद के 46 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नियुक्ति पत्र मिलते ही नवचयनित अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। लंबे परिश्रम के बाद सरकारी सेवा में चयन को उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने सभी नवचयनित प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा के महत्वपूर्ण दायित्व की शुरुआत है। सभी कार्मिक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि प्राविधिक सहायक शासन की कृषि कल्याणकारी योजनाओं और नवीन तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इनके माध्यम से किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ और प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नवचयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना। मुख्यमंत्री के संबोधन से नवचयनित कार्मिकों को पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली।
नवचयनित प्राविधिक सहायकों ने कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ योगदान देने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने भी उन्हें नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी समेत कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा नवचयनित प्राविधिक सहायक मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए