एक-दूसरे की आस्था का सम्मान कर मनाएं त्योहार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने दिया सौहार्द का संदेश

सोनभद्र,। आगामी ईद-ए-मिलाद (बारावफात), रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्वों को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्वों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार हमारी साझा संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। सोनभद्र में आपसी भाईचारे और सौहार्द की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से पर्वों को शांति, संयम और उल्लास के साथ मनाने तथा समाज में भाईचारे का संदेश देने की अपील की।


सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता


जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने से बचें। शांति एवं सौहार्द प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई।
बैठक में धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने सुझाव रखे और पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “हमारी विविधता ही हमारी सामाजिक शक्ति है। एक-दूसरे की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहारों को मिल-जुलकर मनाएं तथा सोनभद्र की शांति, सद्भाव और भाईचारे की पहचान को और मजबूत करें।”

ये भी पढ़िए